मैं चाहता हूँ

एक नई दुनिया,

एक नया ब्रह्मांड,

कैनवास पर भरना चाहता हूँ

अपनी मर्जी के रंग।

क्यों यह आकाश

हरा नहीं हो सकता?

समुद्र भी तो हो सकता है

विभिन्न रंगों का।

पाँच रंगों के पाँच महासागर,

अनेक रंगों की कई नदियाँ,

और जंगल।


लिखना चाहता हूँ

एक नया महाकाव्य,

एक नई भाषा में,

मन की भाषा में,

जो सभी समझें।

संगीत की भाषा कैसी होगी?

ममता या प्रेम की भाषा,

एक सर्वोत्तम भाषा,

शब्दों की नहीं,

भावनाओं की भाषा।


इन्द्रधनुष सात रंगों का क्यों है?

कुछ नए रंग जोड़कर देखता।

स्वर्ग के रंगों से बनाता

कुछ नए फूल,

और हवा में बहती रहती

एक मधुर सुगंध,

और सबके चेहरों पर मुस्कान।