सब दौड़ रहे हैं

अपनी-अपनी गति में।

होड़ लगी है,

पाना है आसमान।

बहुत से लोग ढूँढ़ रहे हैं,

नुस्ख़े, गोलियाँ और कैप्सूल।


एलेक्सा,

क्या तुम बता सकती हो,

सपनों की उड़ान की गति

कैसे बढ़ाई जाए?

एलेक्सा ने हाँफते-हाँफते कहा,

"मैं भी दौड़ में हूँ—

चैट जीपीटी,

जेमिनी,

कोपायलट

और ग्रॉक भी।"


सीरी भी दौड़ रही है,

बिना फरहाद के।

वो चला गया,

शायद उसकी दौड़ थम गई,

खो गया।

तलाश करने लगी सीरी उसे,

स्वाइप करने लगी तस्वीरें,

पढ़ने लगी बायो।


बहुत मिले—

टिंडर, बम्बल,

स्नेप, इंस्टा।

कहाँ नहीं तलाशा उसे?

बहुत मिले,

पर प्रेम नहीं मिला।

कुंभ में बिछड़े,

कहाँ मिलते हैं?

और ये तो महाकुंभ था।


एलन की दौड़ अलग है,

वो बसाना चाहता है

एलियन की दुनिया,

मंगल पर।

वहाँ कम होंगे प्रतियोगी।

गोल्ड होगा उसका,

शायद सिल्वर और ब्रॉन्ज भी।


नौ महीने से

गर्भ में है सुनीता,

अंतरिक्ष से देख रही है दौड़।

शायद चाहती होगी,

रुक जाए ये दौड़।

सोचती होगी,

हालत उस बोनसाई की,

जो उसके बेडरूम को

करता था जीवंत,

भरता था साँसें

उसके सीने में।

और वो फूल

कसमसा से गए होंगे,

ममता के स्पर्श के बिना,

कोई दौड़ शुरू ही नहीं होती।


सोचता हूँ—

उनका क्या होगा,

जो इस दौड़ में

रेंग रहे हैं

केंचुए की तरह,

कछुए की तरह।

वो भी शामिल तो हैं

इस महादौड़ में।

क्या अंत में वही

आगे निकल जाएंगे

खरगोश से?


मन को स्थिर करना,

फिर दौड़ना नहीं,

चलना धीरे-धीरे।

निशब्द,

बिल्कुल नीरव।

भीतर की ओर।

सत्य और प्रेम के पार—

अनंत है।

जिसे पाने के लिए

बाहर महादौड़ है।