कुछ पूछने का हक़ नहीं,

कुछ बोलने का हक़ नहीं।

करूँ अगर खयाल तो,

शक़ करने का कोई हक़ नहीं।


अब आप ही बताइए,

क्या ऐसे निभाए जाते हैं?

ऐसे निभाए जाने वाले,

क्या रिश्ते कहलाते हैं?


दहलीज़ पर दस्तक भी दूँ,

उसका भी मुझे हक़ नहीं।

कुछ पूछने का हक़ नहीं,

कुछ बोलने का हक़ नहीं।



हाथों में हाथ ले लिया,

उस पर भी सवाल है।

गलती से कहीं छू गया,

हो जाता बवाल है।


जुल्फों को संवार दूँ,

उसका भी हमें हक़ नहीं।

कुछ पूछने का हक़ नहीं,

कुछ बोलने का हक़ नहीं।


आँखें तर हों दर्द से,

चाहे दिल हो लहूलुहान।

उम्मीद ना रखना कोई,

ना हो कोई अरमान।


कंधे पे रख दूँ सिर,

उसका भी हमें हक़ नहीं।

कुछ पूछने का हक़ नहीं,

कुछ बोलने का हक़ नहीं।


एक तरफ ये दिल,

है उसी की सोचता।

सुबह शाम रात दिन,

मीठा सा दर्द भोगता।


उस बेखबर को क्या पता,

कुछ सोचने का हक़ नहीं।

कुछ पूछने का हक़ नहीं,

कुछ बोलने का हक़ नहीं।