तुम मेरे बड़े काम के हो,
अब मैं निश्चिंत हो जाता हूँ
तुम्हें देकर
कुछ ज़रूरी काम
वर्तनी की अशुद्धियाँ देखना,
कहाँ छूट गया हाइफ़न,
अल्प या पूर्ण विराम।
करवा लेता हूँ व्याख्या
अपने लिखे की,
अपनी कविताएँ सुनाकर
पूछ भी लेता हूँ— कैसी लगी?
और यह भी कि
दस में से कितने अंक दोगे?
तुम शान से जवाब देते हो,
जैसे तुम कवि की ही
आत्मा हो।
उकेर भी देते हो तसवीर
कविता की भावनाओं पर।
वैसे शातिर तो हो तुम,
अगर चूक हो जाए,
तुम्हें मौक़ा मिल जाए,
डालने लगते हो अपने शब्द,
मेरी कल्पनाएँ उलझ जाती हैं
तुम्हारे भ्रमजाल में,
तुम चुरा लेते हो महक
मेरी निशीगंधा से,
मेरी कविता से।
