कागज की कश्ती ने,

अपने लक्ष्य की तलाश में,

बिना पतवार के,

ब्रह्मपुत्र के उफनते सैलाब में,

कोशिश तो की है

बदलने की

रास्ता बहाव का।


टकराया है लहरों से,

हिम्मत के टूटने तक,

हिलता, डुलता, डगमगाता,

हिलोरों के साथ।

तब तक संघर्ष करता रहा,

जब तक उसके भीतर,

उसके अपने भीतर,

पानी नहीं समाया।


फिर गलने लगा वो,

उसके रेशे घुलने लगे,

एक-एक कर सैलाब में,

छोड़ते अपनी कोशिश के निशान।