सिर पर
जिम्मेदारियों की टोकरी लेकर,
एक झुंड निकलता है
भोर होते ही।
बिवाइयों वाले दरकते पैरों से,
कीचड़ सानती हुई तुम—
मिनी हो,
लक्ष्मी हो,
सरस्वती,
गीता,
जमुना या रुक्मिणी।
रिमझिम-रिमझिम
बरसती बारिश में,
अपनी सधी हुई नाज़ुक उंगलियों से
तोड़ती हो
एक कली और दो पत्तियां।
टोकरी भरकर,
वजन तौलकर,
बहुत बार सुनकर
सरदार की झिड़कियां
सुनिश्चित करती हो तुम
अपने हिस्से के
एक बीस और दो सौ के नोट।
एक कली... दो पत्तियां...
बस यही है तुम्हारा भविष्य।
ओह! देखूं तो ऑनलाइन...
क्या है चाय का मूल्य
जियोमार्ट पर?
टाटा ग्रीन टी,
मात्र दो सौ बीस रुपये
एक पाव!
तुम्हारे पसीने की कीमत से
सौ गुनी कीमत पर
बिकती है ऑर्गेनिक चाय।
