असह्य होती है पीड़ा,

आर्तनाद करता है दिल,

जब टूटता है,

बिखर जाता है,

मानो पहाड़ सा टूट पड़ता है,

आसमान गिर जाता है सिर पर।


झेलना पड़ता है सब कुछ,

अकेले उस टूटे बिखरे दिल को,

संभालना पड़ता है उसे खुद को,

समेटना पड़ता है।


दिल पर चलती है आरी,

जब फाड़नी पड़ती है फोटो,

ब्लॉक कर देते हैं एक दूसरे को,

रोक देते हैं संपर्क,

अहम खड़ा हो जाता है,

मन से मन के बीच।


आँखों से बहते हैं दोनाले,

किसी कोने में।

पर जग के सामने,

मुस्कुराना पड़ता है,

लड़खड़ाते कदमों से ही,

चलते रहना पड़ता है।


गंतव्य तक पहुँचने से पहले,

रुकना भी तो कठिन है,

किसी मोड़ पर,

दौड़ भाग भरी जिंदगी में।

अपने लिए वक्त कहाँ,

रुकना भी तो पिछड़ना है,

आज के दौर में।


तड़पते मन के साथ,

अकेले, निशब्द,

दौड़ना,

कब तक,

कहाँ तक।


और फिर तलाश होती है,

एक सपने की,

एक निस्वार्थ मन की,

जो कभी होता नहीं पूरा।


छन्न से टूट जाते हैं,

सारे सपने।

उस बिखरे सपनों की,

किरचों को भी साफ करना पड़ता है,

खुद को मजबूत करके।

```