छोड़ दो ना

कविता लिखना

कौन पढ़ता है?

कौन समझता है ?

मेरी दुनिया है कैसी

कौन उसको

जीता है ?

गन्ने की तरह

पेरा जाता हूँ

सिस्टम में

सारा लहू निचोड़कर

दे दी जाती है

कुछ धक धक साँसें ।

निढाल शरीर

स्कूटर लिए पहुंचता है

पेट्रोल पम्प

भरवाने इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल

देता हूँ टैक्स बहुत

देश निर्माण के लिए सहयोग

अनमोल ।

टूटी सड़को के लिए

रोड सेस का झोल ।

टटोलता हूँ जेब

बचे हुए रुपयों से

खरीदता हूँ

एक बियर की बॉटल

उसपर भी देता हूँ

हर बूँद पर टैक्स।

देश के लिए

साँसो पर भी टैक्स मंज़ूर है

घर पहुंचकर

देने लगता हूँ ज्ञान

विकास दर

छूने लगी है आसमान

मोदी जी को

उज़्बेकिस्तान ने दिया सम्मान

वहाँ हो रहा है

योगा का गुण गान ।

उनींदी होने लगती है आँखे

सो जाता है टैक्सवीर

वंदेमातरम सुनते हुए

तिरंगा ओढ़कर ।

सवालों से, उनकी ही तरह

मुँह फेरकर

बिना कोल्हू की चरमराहट

सुबह फिर पेरे जाने को ।

छोड़ दो ना कविता लिखना

कौन पढ़ता है

कौन समझता है ।।