घुटनों के बल झुके रहो,

कुछ बोलना नहीं है।

रीढ़ दुखने भी लगे,

हिलना-डुलना नहीं है।


मर्यादा कहती है,

चुप, तुम चुप रहो।

अपनी ही गलती पर,

मुँह खोलना नहीं है।


सज रही हैं महफ़िलें,

मौसम भी खुशगवार है।

माहौल बना रहने दो,

ज़हर घोलना नहीं है।


शाम से तड़प रहा,

यह मन कराह रहा है।

अडिग रहो संकल्प पर,

अभी डोलना नहीं है।


मंज़िल थोड़ी दूर है,

ऊब गए हो तुम।

इंतज़ार करो वक्त का,

पत्ते खोलना नहीं है।


लक्ष्य है बड़ा, तो सीखो,

करना नज़रअंदाज़।

हर एक कदम पर,

किसी को तोलना नहीं है।


आओ गले लग जाएँ,

थोड़ा सुकून तो मिले।

दफ़न कर “राज़” है गहरा,

किसी को बोलना नहीं है।


यदि तुम्हारी जुर्रत,

थाम न सको तुम।

फिर कभी नज़र न आना,

मुझे खौलना नहीं है।