आवाज़ अपनी है
लगता तो होगा
दो दिन का शोर है
तमाशबीन हैं
उन पर कहा कोई ज़ोर है
लहरें हैं
उछलेंगी
छलकेंगी
फिर वापस समा जाएँगी
सागर में
महासागर में
कहाँ उनका अस्तित्व कोई और है
लगता तो होगा
चंचल है
गगरी अधजल है
अभी गहराई नहीं है
बोलते हैं तो चिल्लाते हैं
शब्दों को तराशने का
मखमली करने का
शऊर नहीं है
दो दिन का शोर है
तमाशबीन हैं
उन पर कहा कोई ज़ोर है
पर ये लगने
और होने में
एक अंतर है
समझने का अंतर
समझ बूझ का अंतर
बूझना इतना है
शोर है क्योंकि
ये महफ़िल है
तन्हाई नहीं है
हाँ ये शोर है
उन तमाशबीनों का
जिनके लिए ये महफ़िल सजी है
उन पर कहा कोई ज़ोर है
आँखें फेरने और
कान बंद करने से पहले
इतना बूझ लो
आग भी अपनी है
आवाज़ भी अपनी है
किसी ने लगाई नहीं है
कोई पराई नहीं है
