अतीत, यौवन और आज


जन्मदिवस की अथाह खुशी

और नववर्ष में समाने का

वो क्षणिक उत्साह

घने कोहरे की आगोश में

ठिठुरती कलम

सोचने लगी,

अतीत, यौवन और आज


धूल-धूसरित बालपन

माँ का स्नेह, पिता की फटकार

मार-दुलार

वो खेल खिलौने

छोटा सा बाँस-बलियों का घर

और उसके कोने-कोने

बेसुध नींद, वो प्यारे बिछौने


ईंट-पत्थर की कठोर दीवारों में

कसमसाई

महँगे पलंग, डनलप के गद्दों पर

छटपटाती, करवट बदलती ज़िन्दगी

महकते कमरे में

याद आती, माटी की सौंधी महक


बचपन, कैशोर्य और यौवन की

क्षीण सीमारेखाओं को पहचानता

आधी नींद के बाद जगा

मैं और मेरी कलम

सोचने लगी

अतीत, यौवन और आज


किशोर मैं, अनियंत्रित झोंका

पालविहीन नौका

उत्कृष्ट मानस का

अभावमय अंत

उद्दंड मैं, सामान्य विद्यार्थी


यौवन से सामना

अनुराग, प्रेम और

असीम कल्पना

चाह क्षितिज स्पर्श की

मंजिलें अनेक थीं

राह एक भी नहीं

पथ एक तलाशता

चाँद को था चाहता

यूँ ही रात ढल गई

ज़िन्दगी बदल गई

ओस बिखरी पत्तियाँ

चमक गई किरण उषा

पक्षियों का गुंजा कूजन

एक नई भोर थी


एक नई भोर थी

सारे राह मोड़ती

पत्थरों की राह थी

रोटियों की दौड़ थी


गाँव शहर छोड़कर

आ गया महानगर

वायु दम घोटती

हर पल भाग-दौड़ थी

फुर्सत के पल कहाँ

आधी रात में जगा

मैं और मेरी कलम


बचपन, कैशोर्य और यौवन की

क्षीण सीमारेखाओं को पहचानता

आधी नींद के बाद जगा

मैं और मेरी कलम

सोचने लगी

“अतीत, यौवन और आज”