आकाश को कभी हरा भी होना चाहिए
चाँद का भी तो मन करता होगा
कभी फूलों से रंग चुराने का
कुछ अलग सा दिखने का
अड़हुल के फूल भी तो चाहते होंगे
कभी गेंदे जैसे महकना
गुलाब हमेशा लाल घाघरे में
उकताती होगी
सफेद जैस्मिन की तरह
सुनहरे किनारों वाली साड़ी
उसकी भी लालसा होगी
पानी शराब में घुलते-घुलते
अब खुद मादक होना चाहता होगा
कभी-कभी
कोई उसमें भी डूब जाए
इतना, कि होश ना रहे खुद का
और तो गाँव के कुएँ भी
अब मीनार होना चाहते होंगे
उन्हें भी तो आसमान चूमना है
और पौधे
फुदकना चाहते हैं
गमले के पास आती
चिड़ियों के साथ
दुनिया सतरंगी तो है
अतरंगी होनी चाहिए
कुछ-कुछ बौराई सी
शहर को गाँव करके देखो
कुछ दिन के लिए…
हवा से मिट्टी की महक आएगी
गमलों के कैक्टस
और मनी प्लांट हो जाएँगे
लिली और गुलाबहार
और तुम्हारे बदन से महक आएगी
मेहनत की
खुले आसमान के साये में
सोने का मजा याद तो होगा
