नहर किनारे उसकी धरती, शहर किनारे मेरी माटी
पथरीले पर्वतों के विराने, शूल और कांटे किसके हैं?
नदी की बहती तरंगें मेरी, खुशियों की सौगात उसकी
सूनामी और भूकंप किसका, बाढ़ और विपत्ति किसकी हैं ?
सूरज की उज्ज्वल किरणें उसकी, चाँदनी की शीतलता मेरी
बोलो काले बादल किसके, तूफ़ानी झंझावात किसके हैं?
रिश्तों की ऊष्मा उसकी, हँसी-खुशी और समर्पण मेरा
अकेले का सूनापन किसका , बिछड़ने की पीड़ा किसकी हैं ?
सबके अपने किस्से हैं, अपने-अपने हिस्से हैं
जीत हमारी सबकी है, हार कहो किस हिस्से हैं?
