**आओ गाँधी गाँधी खेले**
चश्मा पहने
डंडा ले ले
मन की कालिख दिख सके ना
सत्य अहिंसा
मुँह पर धर ले
आओ गाँधी गाँधी खेले
सुबह शाम हम चरखा काते
रात को चाहे दारू बाँटे
ईमानदारी की ओढ़कर खादी
मुज़फ़्फरनगर से चलकर साथी
नोआखाली की ओर निकल ले
सत्य अहिंसा
मुँह पर धर ले
आओ गाँधी गाँधी खेले
अनशन उपवास सद्भावना
शब्दों को रट ले
भगवद गीता साथ में रख ले
खंजर असला लुका ले
सत्य अहिंसा
मुँह पर धर ले
आओ गाँधी गाँधी खेले
मद्यपि सारे भरे शहर में
गाँधीधाम चाहे गांधीनगर में
सरकारी आय का स्रोत
बोलो विकास कैसे बंद कर दे
नए नए मदिरालय खोले
मद्य निषेध मंत्रालय खोले
सत्य अहिंसा
मुँह पर धर ले
आओ गाँधी गाँधी खेले
बात बात में मिथ्या आए
चोरी चकारी भ्रष्ट आचरण
कपड़े पहनो इतने सादा
चेहरे तक कुछ आ ना पाए
मंत्री संतरी हो अपराधी
संसद में चाहे हो दागी
मन का मैल अंदर कर ले
भ्रष्टाचार विरोधी मोर्चा खोले
स्वच्छता अभियान चला ले
सत्य अहिंसा
मुँह पर धर ले
आओ गाँधी गाँधी खेले
