तुम इंसान नहीं

अवैध हो

तुमने लांघी हैं सीमाएँ

तुम तब तक होते हो नागरिक

जब तक लागू होती है

चुनावी आचार संहिता

उसके पहले और उसके बाद

तुम भीड़ हो

अवांछित हो

अवैध हो


हाउडी मोदी हो

या नमस्ते ट्रम्प

नारे लगाना

तुम्हें पुण्य लगता है

ठीक वैसे ही

जैसे महाकुंभ में

डुबकी लगाना

जान की परवाह किए बिना

अति प्रदूषित जल का आचमन

तुम्हें आत्म संतोष देता है


हवाई चप्पलों से चलकर

हवाई जहाज तक

पहुँचने के बजाय

तुम रेलवे स्टेशन क्यों पहुँचे

हर कहीं क्यों पहुँच जाते हो

भगदड़ करने

मोक्ष की इतनी भी

लालसा क्या

सबको शॉर्ट कट चाहिए

कलियुग में


अलौकिक, अजैविक

महामानव के

अमृतकाल में

उनको देखना

सुनना

और उनके पक्ष में खड़े रहना

एक साधना है

तपस्या है

वह भी सिद्धि है

मोक्ष की सीढ़ी है


भ्रष्टाचार

दुराचार

व्यभिचार

कितने भी पाप हों

तुम्हारे नाम

बस एक नमो नाम की डुबकी

तन पर केसरी बाना

और होठों पर हर हर जाप

और तुम दोष मुक्त

न्याय चलकर आएगा

तुम्हारे द्वार


अवैध से वैध होना

बहुत आसान है

बस सिलने होंगे

अपने होंठ

घोटना होगा अपना गला

रोकनी होगी अपनी कलम

रुद्ध करने होंगे अपने विचार

खड़े होना होगा

सत्ताधारी सनातन के पक्ष

सत्य असत्य सोचे बिना

पीना होगा

अमृतकाल का अमृत


#40Days40Poems