जा रहे हो चले जाओ

कोई नहीं रोकेगा तुम्हें

कोई नहीं थमेगा

कोई नहीं रुकेगा

ना सूरज

ना चाँद

ना लहरें

ना ज्वार भाटा

बस तुम चले जाओगे

कुछ तारीखें याद रहेंगी

कुछ मुस्कान याद रहेंगी

कुछ तूफान याद रहेंगे

हिंद महासागर के भी

मन के सागर के भी

कुछ मौन भी याद रहेंगे

कुछ सीमा की लड़ाइयाँ

कुछ तेरी मेरी

या कह लो मेरी तेरी

याद रहेंगी

बस तुम चले जाओगे

कोई कंधे पे हाथ रखकर

ये ना कहेगा

रुक जाओ कुछ दिन और

सब जानते हैं

तेरी उम्र

365 दिन

“अलविदा वर्ष”


तुम चले जाओगे वर्ष

और एक दूसरा वर्ष आ जाएगा

तुम चले जाओगे

कोई और आ जाएगा

कुछ थमेगा नहीं

कोई थामेगा नहीं

तुम क्या देकर गए

क्या लेकर गए

दर्द या मुस्कान

इतना ही मायने रखता है

जो आएगा वो क्या देगा

दर्द या मुस्कान

सच कह रहा हूँ

जीवन की आपा-धापी में

बस इतना ही मायने रखता है

तुम जाओ हे वर्ष

तू पूरा हो चुका है

नव वर्ष में ऊर्जा है

नव वर्ष में उम्मीद है