ये बन्धन भी बिखर गया,
पल पल पलता मोह पाश,
इक पल में ज्यों टूट गया,
संग साथ बातें और मेला,
स्मृति मात्र में शेष रह गया,
माला जिसमें शब्द थे मोती,
मुस्कानों के फूल गुंथे थे,
कल की जैसे बात हो गई,
ये बन्धन भी बिखर गया,
जो समय तेरे बिन बीता,
वो तो सारा व्यर्थ गया,
खोकर कुछ हिस्सा जीवन का,
जीवन का मैं अर्थ पा गया,
संग तुम्हारा सतरंगी पाकर,
मन में इन्द्रधनुषी छटा छा गयी,
सुनकर तुझे कल्पना को मेरी,
अभिव्यक्ति की परवाज मिली,
तुझे देखकर गूंगे मन को,
कविता सी आवाज मिली,
पाकर संग तुम्हारा निर्मल,
जीवन मेरा निखर गया,
ये बन्धन भी बिखर गया।
- राजीव ' हैरान '
19 मई 24