फूल सितारे जुगनू मोती,
वन कन्दरा पर्वत सागर,
हेमन्त रजत रत्नों के पर्वत,
शस्य श्यामला धरती उर्वर,
अष्ट ऋतु मेघ ज्यों भूधर,
सुरभित पुष्प पवन और तरुवर,
निर्मल नीर सरित और निर्झर,
ये सभी तेरे सुन्दर आभूषण,
वनचर नभचर जन जीव सुरक्षित,
ज्ञान सुधा से जन मन पोषित,
जल थल नभ वीरों से रक्षित,
कर्मयोग पग पग परिलक्षित,
धन्य हुए मां तुझ को पाकर,
देव गुणों के पुष्प कर अर्पित,
मर्यादा का छत्र भेंट कर,
कर्मयोग का कर अर्पित चन्दन,
करते योगी जन तेरा वन्दन।
- राजीव ' हैरान '
18 मई 24