हवाका झोंका आवारा सा ,

छू गया फूल को ,

फूल हँसकर एक ओर हट गया ,

झोंका चुरा ले गया खिलखिलाहट , खुशबू ,


आवारा झोंका छू गया तितली को ,

तितली इठलाकर फूल पर जा बैठी ,

झोंका चुरा ले गया अदा , रंग ,


आवारा झोका छू गया भौंरे को ,

भौंरा गुनगुनाकर बाग में खो गया ,

झोंका चुरा ले गया मिठास , गीत ,


आवारा झोंका छू गया जुगनूं को ,

जुगनूं चमककर गुम हो गया पेड़ों में ,

झोंका चुरा ले गया चमक , नूर ,


आवारा झोंका छू गया गोरी का आँचल ,

गोरी मुस्काई ,हँसकर पल्लू संभाला ,

झोंका चुरा ले गया मुस्कान , हँसी ,


हवा का आवारा झोंका बाँट रहा है ,

सभी को खुशबू , रंग ,गीत , नूर और हँसी ।

- राजीव " हैरान "