मेरे नयनों का अवलोकन
मन में भावों का उद्दीपन
स्फुरण दृश्यों का हृदय में
शब्दों में उनका अंकेक्षण
अन्वेषण नित नई विद्या का
कविता में तुमको सम्प्रेषण
है सरस बड़ा पर जटिल बड़ा
शब्दशः विवेचन और निरूपण
मेरी मथुरा मेरा वृंदावन
राधा मोहन का सम्मोहन
ऊधो गोपी का उद्बोधन
माधव का अर्जुन संकर्षण
अर्पण मीरा और शबरी का
मेरा चितवन मेरा दर्शन
थोड़ा छिछला सा गहरापन
जितना भी भर पाया घट में
सब करता मित्र सस्नेह समर्पण।
'राज वर्धन जोशी'