राजा झूठ बोलता है

दरबारी ताली बजाते हैं

झूठ को परम सत्य की तरह फैलाते हैं

आखिर उसकी कृपादृष्टि पर जीते हैं,

उसी का दिया खाते हैं।

राजा छाती फुलाकर अट्टहास करता है

दरबारियों को वह देवपुरुष लगता है

प्रजा के बीच उसके लोग विचरते हैं

राजा का महिमामंडन करते घूमते हैं,

असहमति को रौंदते हैं।

ज्ञानीजनों की बुद्धि कुंद हो चुकी है

वे या तो समर्थन करने लगे हैं या चुप हैं

नये देशप्रदेश विजय का युद्धघोष होता है

सेना सज्जित होकर आक्रमण करती है,

दरबारी क्षत्रप बनाए जाते हैं।

कोई किसी की न मानता न ही सुनता है

सारा कार्य व्यापार इसी तरह चलता है

राजा और दरबारी स्वस्थ हैं, प्रसन्न हैं

प्रजाजन स्तब्ध, मौन, सुन्न, अवसन्न हैं,

देश राजा की कृपा का कायल है।