घरों,अस्पतालों में
कारों में,रिक्शों पर
साइकिल और ठेलों पर
लाशें हैं क॔धों पर
चिता और पानी में
रेत और बहाव में
डूबती, उतराती
रिश्तों के ब॔धनों से मुक्त
लम्बी यात्रा पर
पुनः सिरजनहारे तक
किसी से शिकायत नहीं
किसी पर अभियोग नहीं ।
दवा या ऑक्सीजन
बेड या इंजेक्शन
मास्क और रेफरल की बात नहीं
किसी की सिफारिश की
कोई औकात नहीं।
ये भी नहीं, वो भी नहीं
कुछ भी नहीं चाहिए
हां, डिस्टेंसिंग इतनी
कोई छू भी न पाएगा
मिट्टी का खिलौना
मिट्टी में ही मिल जाएगा
कितना भी चाहो
अब हाथ नहीं आएगा।


