अरी पुरवाई तू चलती कहाँ से है
तू चलती कहाँ से है ।
मेरे छोटे से झरोखे से तू अंदर घुस आई ,
फिर तू प्रेयसी बन याद लाई ,
मन झंकृत करती , यौवन लहराती ,
यादों की भीनी चादर नभ में फहराती ,
उर में विह्वलता , विकलता तू भरती कहाँ से है ,
अरी पुरवाई तू चलती का कहाँ से है ।।
तन में शीतलता , मन में विरही ज्वाला ,
दीवानी सा वेश लिए फिरती हो ,
हरसाती, दुलराती जग को ,
मादकता निःशेष लिए फिरती हो ,
विकल रहता मैं मिलन को , तू निकलती कहाँ से है ।।
अरी पुरवाई तू चलती कहाँ से है ।।
कहीं बांधती नवबंधनो में जीवन ,
अनुराग भरे रहती हो , कहीं तोड़ती मधुर रेशमी धागे ,
वैराग भरे रहती हो ।
कहीं विकराल कहीं मनुहार तू ढलती कहाँ से है,
अरी पुरवाई तू चलती कहाँ से है।।
तुझमे देखता मैं प्रेयसी को हूँ,
सौभागिनी , गौरांगिनी ,सौन्दर्य की देवी ,
झकझोर मत , ऐ मस्तानी, मतवाली पुरवा ,
उर्वशी उद्धारिका , हे पुनर्नवी ,
चंचलता की देवी तू मचलती कहाँ से है ,
अरी पुरवाई तू चलती कहाँ से है ।
अरी पुरवाई तू चलती कहाँ से है ।।
जसवंत बुंदेला
24/ 01/ 2022

