न जाने क्यों विचलित बहुत हूँ आज                                                          

तुम्हारी स्मृतियां उभरी हैं इस मन मे,

अश्रु से परिपूर्ण आंखे अब छलकती है

कुछ दर्द की टीस बिखरी है इस तन में ।



 न जाने क्यों तुम्हारी  तस्वीर देखकर 

 अनुराग का सोया समंदर छलक गया , 

 एक नजर में ही तुम्हारे आनन की मदहोशी  

आंखों से दिल मे उतरी  और मैं बहक गया।


मेरा बहकना था या कुदरत का कोई खेल था 

तुम्हारे अधरों की वो मुस्कान मुझे भा गयी 

वो तुम्हारे खुले केश और श्याम रंग ऐनक 

तुम्हारी आसमानी कंचुकी मेरे मन मे छा गयी ।


मेरे स्नेह की सारी नदियां कल कल करती 

उमड़ी और तुम्हारी ओर ही बहने लगी , 

मेरा हृदय सहम जाता था जब तुम्हे देखता था 

और दुखियारी आंखे आपस मे ही कुछ कहने लगी ।



बिना तुम्हे देखे न मन मानता था और न आंखे 

चंचल और बेचैन आंखे तुम्हे देख ही लेती थी 

न जाने कौन सी भूख थी कि मिटती ही नही थी

और मेरी बाहें अनायास तुम्हे समेट ही लेती थी ।


तुम तितलियों की तरह उड़ती हुई आती  

और अपने  मधुर स्वरों से मन में छा जाती 

तुम्हारे स्वर मेरे श्रुतिपटों से दिल मे उतर आते 

जैसे शब्दभेदी बाण वक्षस्थल को चीर जाते।।


तुम्हारे स्नेहिल स्वर मुझे घायल कर देते थे 

अंदर ही अंदर घुटता था कुछ कह न सकता था 

कल कल करते शब्दों के झुंड मुझे पागल कर देते थे 

व्यथा बढ़ती ही जाती थी जिसे मैं सह न सकता था ।


तुम मुझे मदिरालय कभी मधुबाला सी लगती थी 

कभी बन करके तुम साकी मीठे स्वरों के जाम भरती थी 

पी लेता था मैं इतना कि मदहोश हो जाता 

नशा ऐसा तुम्हारा था कि मैं बेहोश हो जाता ।।


कभी तुमसे कुछ कहने की चाह होती           कभी चाँद के पार मिलने की चाह होती 

कभी  मन के समंदर में पूर्णिमा का ज्वार आता 

बिखर जाता था पल भर में जैसे ही तुम्हारा विचार आता ।।


कभी बिरह की ज्वाला तुम मुझमे भर जाती

कभी टीस की हाला तुम मन में  भर जाती 

बस जीता था इसी चाह में कि कभी वो दिन भी आएगा 

जब वेदना की व्यथा को यह मन कह भी पायेगा ।।


सोचता था कि मैं एक राह पर चलता रहूंगा 

तुम्हे यूँ दूर से ही मैं अलौकिक स्नेह करता रहूंगा 

मुझे नही मालूम मेरे मन की आवृत्तियां तुम्हारे पास जाती थी 

तुम भी विचलित हो जाती थी और खुद को उदास पाती थी ।।


              जसवंत  " बुंदेला "

              25 सितंबर 2021