" कौन है वह "
कौन है वह जो कंदराओं में विचरता ,
पाहनो में पुष्प खिलाने की बात करता ,
कौन है वह .....
वह जब नाम लेकर मेरा पुकारता ,
प्रतिध्वनि की गूंज से हिमालय भी सहमा करता ,
कौन है वह .......
निरंतर ढूंढता है घाटियों में
वह मेरी आवाज को ,
व्यथित होता नही
सजाना सोचता है वह
मेरे हर साज को ,
कौन है वह जो काँटों से प्रेम करता ,
कौन है वह......
द्रवित कर बादलों को
ताप वह अपना दिखा देता ,
खुद द्रवित हो , सलिल बन
सैकड़ों नदियां बहा देता ,
तड़ित से दिशाएं भी चमक जाती ,
सुन उन्माद गर्जन का
उदधि लहरें बहक जाती ,
झगड़ करके हवाओं से
मेघ लाने की बात करता ,
कौन है वह ......
चढ़ चाँद से भी
राह वह निहारता मेरी ,
गलत वह है नही फिर भी
हर भूल स्वीकारता मेरी ,
रमता समुंदर सोच में उसकी
विचार में नीला वितान ,
देह का त्रैलोक्य पूरा
हर रेत पर उसके निसान
ब्रम्हांड से खातिर मेरी वह
नखत तोड़ लाने की बात करता ,
कौन है वह जो कंदराओं में विचरता ,
पाहनो में पुष्प खिलाने की बात करता
कौन है वह ...कौन है वह..
