बड़ी अजीबो गरीब है जिंदगी 

कभी अनछुए पहलुओं को पकड़ती 

कभी छुवे पहलुओं से भागती छोड़ती 

बड़ी बे तरकीब है जिंदगी ,

बिल्कुल तुम्हारे जैसी है जिंदगी ।।


कभी  गुनगुनी  धूप है जिंदगी 

कड़क सर्द में भी सुहाती गुनगुनाती

तपती जेठ की दुपहरी में भी 

घनेरी छांव बन जाती जिंदगी 

बिल्कुल तुम्हारे जैसी है जिंदगी ।।


रोज नए सपने संजोती जिंदगी 

कभी जिद करती कभी यूँ ही मानती 

कभी जीतती तो कभी हार जाती 

कभी हंसती तो कभी रोती जिंदगी 

बिल्कुल तुम्हारे जैसी है जिंदगी ।।


कभी किसी को अपनाती जिंदगी 

गैरों को भी समझाती बुझाती 

दोस्त बनाती  विश्वास दिलाती 

कभी हंसाती कभी  गले लगाती जिंदगी

बिल्कुल तुम्हारे जैसी है जिंदगी ।।


कभी किसी का गम अपनाती जिंदगी

कभी खुद के  शबनम  बरसाती 

कभी मिलन की चाहत सजाती 

कभी विछोह की ज्वाला में जल जाती 

बिल्कुल तुम्हारे जैसी है जिंदगी ।।


कभी प्रिय से मिलने को तड़पती जिंदगी 

हिमालय से सीने में सर रखना चाहती 

कोमल अंगुलियों से केश सहलाती 

प्रिय से स्पर्श को अकुलाती जिंदगी 

बिल्कुल तुम्हारे जैसी है जिंदगी ।।


कभी बचपन कभी जवानी दिखाती जिंदगी

मचलती कभी अट्टहास करती 

कभी इन्द्रधनुषी सतरंगी रंग भरती 

शीतल पुरवा बन बरसात करती जिंदगी 

बिल्कुल तुम्हारे जैसी है जिंदगी ।।


सजती संवरती आईना देखती जिंदगी 

न जाने कितनों को मुस्कान देती       गुलाबी अधरों से प्रिय को स्पर्श करती जिंदगी

जगमगाती , झिलमिलाती कभी रोशनी जिंदगी

बिल्कुल तुम्हारे जैसी है जिंदगी ।।


कभी प्यार के गीत गुनगुनाती जिंदगी 

कभी मोर सी  नृत्य करती जिंदगी 

कभी पक्षियों सी चहचहाती कौतूहल करती

पपीहा की प्यास  कोयल की कुहू है जिंदगी 

बिल्कुल तुम्हारे जैसी है जिंदगी ।। 


कभी तुम्हारे जैसी प्यारी है जिंदगी 

कभी तुम्हारे जैसी न्यारी है जिंदगी 

कभी बहुत मर्मज्ञ कभी अनारी है जिंदगी 

अब तो यह समझो कि बस  तुम्हारी है जिंदगी 

बिल्कुल तुम्हारे जैसी है जिंदगी ।।

बिल्कुल तुम्हारे जैसी है जिंदगी ।।


जसवंत बुंदेला ।।