कहीं कोई दूर क्षितिज के पार

मुस्कराता नजर आता है 

निगाहें उलझ जाती हैं मेरी

अनायास ।



क्योंकि वह सौंदर्य की देवी

प्रतीत होती है मुझे

कभी मंजुल अप्सरा 

कभी उर्वशी प्रतीत होती है मुझे

उसके मोहित मुखानन 

में ठहर जाता हूं 

अनायास ।



उसकी मादक मुस्कान से 

रुदन भी करता है उल्लास 

कलियां यौवनावस्था को प्राप्त होती है

मधुकर गुनगुनाता है 

उन पर छा जाने को अकुलाता है 

अनायास ।



उसके दंतपंक्तियों सी श्वेत 

किरणे दमकती हैं 

तो जग दमकाती हैं 

लेकिन चांदनी रात सी 

तरुण शीतलता है उनमें 

न जाने क्यों दमकती किरणों से

व्यथित हो जाता हूँ 

अनायास ।



अधरों की लाली में समाया है

जग सारा 

कोमल ललाट से सरिताएं 

बहती प्रतीत होती है 

श्वेत धार लिए कल कल करती 

छलकती धरा पर बलखाती 

मैं देखकर मद में चूर हो जाता हूँ 

अनायास ।



सरोवर से अतिशय गहरे चक्षुओं में 

शरण पाने की कोशिश में 

गाम्भीर्यता नापता 

डूबता उतराता हूँ 

अनायास ।



पयोधर भी शर्माते हैं देखकर

उसके घनीभूत कुंतल 

न जाने कब वृष्टि पात करने लगें

यही सोचकर भीगने की 

कोशिश करता हूँ 

अनायास ।



विकलता की बयार लिए 

बहता हूँ

विह्वलता का ज्वार लिए

रहता हूँ

क्या रिश्ता है क्या नाता है

मालूम नही मुझको 


लेकिन ये मन की तरंगें 

दूर क्षितिज पार जोड़ती है 

मुझे उससे कहीं 

अनायास ।



लेकिन ये मन की तरंगें

दूर क्षितिज पार जोड़ती हैं 

मुझे उससे कहीं 

अनायास ।

अनायास ।।



कोटिशः नमन ।।