कैसे मन के मैं भाव लिखूं" खयालों के उलझन लिखूं जज़्बातों के थिरकन लिखूं कथा लिखूं या काव्य लिखूं, कैसे मन के मैं भाव लिखूं... तन्हाइयों के मन्ज़र लिखूं रूसवाइयों के आलम लिखू़ं धूप लिखूं या छाँव लिखूं, कैसे मन के मैं भाव लिखूं... ये जीवन जो कोरा-सा है, थोड़ा आधा,पूरा-सा है थोड़े उलझे-से रस्ते हैं, लम्हा-लम्हा ठहरा-सा है ये प्यार भरा अहसास जो है, दर्द भरा भी, खास जो है ये साँसे जो खामोश-सी हैं, ये तन्हा सफर,उदास जो है... दो दिलों का सच्चा प्रेम लिखूं, या फिर उनका अलगाव लिखूं इश्क लिखूं या घाव लिखूं, कैसे मन के मैं भाव लिखूं... धूप लिखूं या छाँव लिखूं कैसे मन के मैं भाव लिखूं वीरान ज़रा है, बहार-सी है ये ज़िन्दगी जो इन्तज़ार-सी है थोड़े से अधूरे खाब मगर हैं, थोड़ी-थोड़ी गुलज़ार-सी है कुछ-कुछ मावस की रातें हैं, कुछ खुद से खुद की बातें हैं ढ़ेरों फरियादें मुहब्बत की हैं, और फिर,चन्द मुलाकातें हैं इश्क में बहार लिखूं, या इश्क में पथराव लिखूं भँवर लिखूं या नाव लिखूं, कैसे मन के मैं भाव लिखूं धूप लिखूं या छाँव लिखूं, कैसे मन के मैं भाव लिखूं...