एक रात आँखों के सामने एक साया आया

अपने सामने मैंने लंकेश को खड़ा पाया

ऐसा प्रतीत हुआ मानो साँसे ही अटक गयी हो

और मेरे पैरो तले ज़मीन ही खिसक गयी हो 

आप दिग्भ्रमित हो गए है ऐसी मुझे शंका है

ये मेरा भारतवर्ष है नहीं ये आपकी लंका है 


उसने रुंधे कंठ की करुण वाणी से मुझे पुकारा

उसके बीसों नैनो से बह रही थी अश्रु धारा 

मार्ग भी सही है और मेरा गंतव्य भी यही है 

और मुझे जिससे मिलना है मनुष्य तू वही है

मुझे आज अपने प्रत्येक सवाल का जवाब चाहिए

इतने वर्षो से हो रहे अपने अपमान का हिसाब चाहिए


हर साल पुतले को नया चेहरा लगा रावण बना देते हो 

अपनी बुराइयों की जगह उसे आग लगा देते हो

परंपरा के नाम पर हर वर्ष मुझे जला ये जो विजयोत्सव मानते हो

मेरे दहन के पीछे का मूल उद्देश्य क्या बूझ पाते हो?


तो आज करता हु मैं ये प्रश्न

अरे बंद करो अपना ये जश्न

बताओ पहले उठाया था किसने हथियार

और किसने किया था सूपर्णखा पर वार


भगिनी की कटी नाक मेरे कुल की प्रतिष्ठा पर आघात था

और मेरा सीता को हरना उसी घात का प्रतिघात था

भगिनी की ऐसी दुर्दशा देख,बोलो कैसे रहता मैं मौन

अगर उसका प्रत्युत्तर न देता तो राखी का वचन निभाता कौन


सीता हरण कर किया था मैंने घोर पाप

किन्तु उसके लिए भोगे थे मैंने कई संताप

लंका खोयी लंकावासी खोये सब ध्वस्त हो गया था

पुत्रो और भाई के साथ मेरे जीवन का भी सूर्य अस्त हो गया था


तुझे क्या लगता है तू मेरा अस्तित्व मिटा पायेगा 

इन आतिशबाजियो से मुझे भस्म कर पायेगा

मैं वो दशानन हूँ जो नौ ग्रहो को अपने पैरो तले रख उन पर खड़ा था 

मेरे वध हेतु तेरे भगवन को भी मनुष्य रूप में अवतरित होना पड़ा था 


उस राम ने अपने चरण स्पर्श से 

एक शिला को जीवंत कर दिया था

शबरी के झूठे बेर खाकर 

उसे मोक्ष का मार्ग दिखा दिया था

अपने नाम लिखे पत्थरो से 

पानी पर सेतु बना दिया था 


बोल किये है क्या तूने ऐसे कोई काम 

क्या तुम में से है कोई वो राम 

राम नाम रख कर तू राम नहीं बन जायेगा

और बता उसके जैसी मर्यादा कहा से लाएगा


पहले उनको जला जो मनुष्यो को ही खा जाते है 

जिनके कारण कई घरो के दीप बूझ जाते है 

जो अनगिन बागों की कलियाँ कुचल जाते है

जिनके कारण कई स्त्रियों के सुहाग उजड़ जाते है 


यदि अब भी तुझे लगता है की मुझे जलाना सही है

तो ये लंकेश रावण जलने से नहीं डरता है

किन्तु आज हाथ जोड़ दसों शीश झुका

तुमसे ये एक विनती करता है

हे भारतवासियो इस सत्य को करो स्वीकार 

मुझे जलाने का नहीं है तुम्हे कोई अधिकार

तुम्हारे कुत्सित कृत्यों का नहीं है कोई आयाम 

इस रावण को मारेगा तो बस वही त्रेता का राम