जन्म लेते ही पूर्वाग्रह से ग्रत्स हो कर दी भविष्यवाणी
ये पुत्र जो जन्मा है वो होगा कुरु कुल का विनाशी
बचपन से सुनता आया ये कुलविनाशी का ताना
मेरे ह्रिदय की पीड़ा को किसी ने न जाना
मुझ नवजात का जीवित रहना, था विदुर को स्वीकार नहीं
मुझे अधर्मी कहने का तुम्हे कोई अधिकार नहीं।
द्रौपदी को भरी सभा में बुला, कुल की मर्यादा गया मैं भूल
उसके चीर-हरण का आदेश दिया, मेरी बुद्धि पर जमी थी धूल
मुझे अंधे का पुत्र कहना, क्या ये द्रौपदी का अभिमान न था ?
कर्ण को स्वयंवर से लौटाना, क्या ये कर्ण का अपमान न था ?
एक योद्धा को सूत बुलाना , क्या ये द्रौपदी का अहंकार नहीं ?
मुझे अधर्मी कहने का तुम्हे कोई अधिकार नहीं।
जुए का निमंत्रण मेरा था किंतु क्या उन्हें नहीं थे कोई काज
जुए के आदि युधिष्ठिर थे फिर भी वो कहलाये धर्मराज
भाइयो को जुए में हारा फिर भी मिला उन्हें सम्मान
स्त्री को जुए में हारा, क्या ये था उनके धर्म का ज्ञान
द्रौपदी को दांव पर लगाना, क्या ये नारी का तिरस्कार नहीं?
मुझे अधर्मी कहने का तुम्हे कोई अधिकार नहीं।
अज्ञातवास से लौटकर, कर दिया कृष्ण को क्यों आगे?
जब जुए में सब हारे थे तो फिर पांच ग्राम मुझसे क्यों मांगे?
नहीं भूल सकता था अपने उपहास के किसी भी क्षण को
प्रतिशोध की अग्नि में जलकर स्वीकार किया उद्यत राण को
यदि मैं युद्ध न करता तो होता पांडवो की कीर्ति का प्रसार नहीं
मुझे अधर्मी कहने का तुम्हे कोई अधिकार नहीं।
पांडव ही अकेले न थे, अपनों से भी मिला था मुझे घात
मुझे छोड़ मेरी सेना में किसी को न था अपना लक्ष्य ज्ञात
पितामह अपना भेद बता शिखंडी समक्ष युध्द से विरक्त हुए
"अश्वथामा हत:" सुन गुरु द्रोण भी पुत्र मोह में निशक्त हुए
कर्ण का मात्र पार्थ वध का प्रण, क्या ये मित्रता पर वार नहीं
मुझे अधर्मी कहने का तुम्हे कोई अधिकार नहीं।
अभिमन्यु का वध हमारी कायरता का दृष्टांत था
निशस्त्र कर्ण पर वार, क्या अर्जुन की वीरता का वृत्तांत था ?
जब मल्ल्युद्ध हेतु स्वयं प्रतिपक्षी चुनने का मिला अवसर
सर्वशक्तिशाली भीम को चुना जिससे युद्ध हो सके प्रखर
भीम का मल्ल्युद्ध में जंघा पर वार, क्या ये वीरता पर धिक्कार नहीं ?
मुझे अधर्मी कहने का तुम्हे कोई अधिकार नहीं।
हाँ किये है मैंने छल कई और किये है कई काज अधम
पांडव भी कृष्ण छल से जीते अन्यथा माधव की आँखे होती नम
भरी सभा में पांडव,विदुर,पितामह सभी थे मौन
उनके इस अधर्म का, प्रश्न करेगा उनसे कौन
मरणोपरांत मुझे स्वर्ग मिला किन्तु ये मेरे लिए कोई उपहार नहीं
मुझे अधर्मी कहने का तुम्हे कोई अधिकार नहीं।
