मुझे लगता है
जला देनी चाहिए
सारी कविताएं गीत ग़ज़ल नज़्म
जो त्रास और वियोग की बात करे
वो सब किताबे जिसमें केवल
दुख और पीड़ा लिखी है
लौटा देना चाहिए
उनको जंगलों को
ताकि वो शून्य होकर
विलीन हो जाए किसी बीज में
फिर कोई फलदार वृक्ष बने
जिसमे केवल खुशी के फल उपजे
जिसपर ची ची करती चिड़िया आए
और चोंच मारे, उसपर घोसला बनाए
मुझे लगता है हो जाऊ थोड़ा सा
बहरा और अंधा भी
न सुन और देख सकूं चीख विलाप अन्याय
मुझे लगता है करदू सब अनपढा
जो कुछ अब तक पढ़ लिया
भूल जाऊं सब लिखना
खत्म हो जाए सारा साहित्य बोध
लौट जाए मेंरे कमरे की वो सारी किताबे
वहां जहां से वो आयी है
मुझे लगता है हो जाऊ मैं शिला
खत्म हो जाए ये भीतरी विक्षोभ
मुझे लगता है धरती जज़्ब कर ले
धरा के ऊपर होने वाला सारा त्रास
मुझे लगता है केवल दिन हो रात नहीं
अगर रात हो तो केवल पूर्णिमा की रात हो
मुझे लगता है मुझे कभी प्रेम न हो
क्योंकि उसका अंत दुख है
मुझे लगता है जैसे हो केवल निर्वात
हो जाऊं में भी शून्य,
क्योंकि... क्योंकि...
शून्य को कुछ भी नहीं लगता...!!!
- राहुल लखेड़ा
