जब बधिर धृतराष्ट्र सी सत्ता हो जाए,
तो पतन राष्ट्र का समझो तब निश्चित है,
जात धर्म पंथ मुखौटों की तिलांजलि दो
राष्ट्र मानव धर्म से ही तो सिंचित है,
इस तम के घन-घन घोर रुदन पर चुप हो!
महि मस्तक पर ये कैसे खून के चत्ते है?
भारत माता के तलवों से सृजित निनाद सुनो,
ये कौन महिला है जो भविष्य पीठ पर ढोती है?
चुप रहे आज तो इतिहास फिर टटोलेगा,
गांधारी की भांति तुम्हे भी तोलेगा,
कलम जो अब भी डूबी प्रेम में या चाटुकार गलियारों में,
कल मिलेगी किसी गुम्मद-कब्र या समाजद्रोही चांडालों में,
आज मानस हृदय स्पंदनहीन संपूर्ण देह शमसान हो गया,
राष्ट्र चेतना का भरी सड़क कुचलकर देहावसान हो गया।
- राहुल लखेड़ा
नोट: आगरा की सड़कों पर बच्चे को सूटकेस पर लिटाकर घसीट कर ले जाती भारत माता और सड़क पर कुचल कर मर चुके भारत पुत्रों को समर्पित!
