सावन–मेघों के मधुर राग !
झिम-झिम-रिम-झिम सावन फुहार !
वह उजली नदिया का कछार !
तन भिगो - भिगो देती बयार !
बिजली की तड़पन,
मेघों के गुरु-गंभीर गर्जन !
कोकिल की , नव मधुर कूक !
पी कहाँ - कहाँ की सरस हूक !
चीरती प्रांत-प्रान्तर , वह ध्वनि !
गुंजरित हुए सर – सरित कूल !
उर–अंतर से उठती मृदुल हूक !
उड़ चला पवन संग-संग दुकूल !
बाँसों के झुरमुट की वंशी ध्वनि !
चिड़ियों की चीं चीं चूँ चूँ –
चुट-चुट , पुट-पुट !
तरु-पत्रों की मर्मर ध्वनि !
घिर आयीं घनघोर घटाएं !
बरस रहे हैं मेघ झमाझम !
तरु-पत्रों में छुप-छुप कर ,
पी कहाँ , कहाँ की ध्वनि सुंदर !
मदमस्त दिशाएं ! उर - अंतर !
छा गए मेघ ! भा गए मेघ !
मन में प्रेमांक़ुर फूट चले !
मेरा मन है , व्यग्र आज ?
खुल गए हृदय के गुप्त राज !
ठंढ़ी - ठंढ़ी बरखा बयार !
रिम-झिम रिम-झिम सावन फुहार !
