नए दौर का प्रेम है ! 
इस  का  ये नेम है (नेम =रीति , दस्तूर )
नाप-जोख कर 
प्रेम करो !
वर्ना –
दूह लिए जाओगे ;
ठठरी हो जाओगे।
अत्यधिक खर्च करोगे
दुत्कार दिए जाओगे !

इसलिए
उतना ही प्यार करो , जितना वो  तुम्हें  करती है ;
जमाने में प्यार की धार देखो कि किधर बहती है।

प्यार में सब जायज है 
सबकुछ invoice  है ।

प्यार का सेंसेक्स -
कभी घटता है 
कभी बढ़ता है
फर्क कहाँ पड़ता है ?

घटने दो , बढ़ने दो !
गिरने दो पड़ने दो !
नो रिस्क नो गेम ।
खेल मत रोको !
बेरोक – टोक 
चलने दो !

आर्थिक युग है ,
मंहगाई बहुत है !
प्यार को भी अब
आर्थिक आधार पर
तुलने दो !
मत सोचो –
दुनिया क्या कहेगी ?
अरे बावरे ! 
ये दुनिया है ,
अपनी चाल चलेगी !

डरो मत , मरो मत ,
बिंदास जियो !
शेर बनो !
शेयर बेचो ! शेयर खरीदो ! 

भले ही एक ही छत के नीचे रहो
पर ,  यह  तथ्य  समझते रहो 

संबंधों में बढ़ रही दूरी है ;
यह  वैश्विक  मजबूरी है ।

आपस में बड़ा खुराफात है ?
टोक-टाक है , ठोंक-ठाक है ,
फिर भी , सब ठीक-ठाक है।

नए युग में –
प्यार की परिभाषाएं !
बदल चुकी हैं !
बदलाव के साथ बदलते चलो
बहाव के साथ बहते चलो...

कभी यहाँ चले,
कभी वहॉं चले 
गठबंधन कर 
ना जाने –
कहाँ-कहाँ चले !

हर तरफ गठबंधन है !
चाहे प्यार हो , विवाह हो 
या राजनैतिक गठबंधन हो 
विचार ! सिद्धांत ! स्वार्थ !
टकरायेगें ही , टकराने दो !
सबकुछ जायज है !
प्यार में , युद्ध में !

युद्ध के चरम पर -
सारे वाद , नियम , सिद्धांत !
टूट जाते हैं !
बस , एक ही लक्ष्य रहता है –
' जीत !'
साम,दाम,दंड,भेद–  "नीति !"