आयी सावन की पहली फुहार!
घर आँगन खिलखिला उठा
अद्भुत छवि से भर गई धरा
बहने लगी शीतल हवा
सूखा-सा तन-मन झूम उठा।
बरखा ने छेड़ी मधुर तान
खेतों में फैली हरियाली,
उस ओर देख तू ऐ आली!
हँसने लगी प्रकृति सारी,
झूम उठीं वृक्षों की डाली।
पेड़ों के पत्ते हँस-हँस कर,
हैं तेरा स्वागत करते
सबके मन को पुलकित करते।
स्वागत स्वागत हे सावन!
जन-मानस में भर दी तुमने,
अपनी मधुराई-तरुणाई।
कल-कल छल-छल सरिता का जल,
बहता जाता, हो अति निर्मल,
धरती माँ को सिंचित सुरभितकर,
सबके तन-मन को झंकृत कर,
घोलो जीवन में ऐसा रस–
जीवन सबका, बन जाये निर्झर।
बरसो हे मनभावन सावन!
झूम-झूमकर बरसो......
