सच है कि हम जी रहे
अर्थमय जुग में
पर, क्या हम साध रहे
अपने को कवि में?
दिन-प्रतिदिन गिरता ही जाता
सृजन-मूल्य कविता में।
आर्थिक विकास ही कवि-जीवन का
बन गया पर्याय नहीं है?
मानव-मूल्यों का कविता में
क्या हो रहा ह्रास नहीं है?
अन्तर्मन से उठती पीड़ा
कुछ नया रचूँ,
जिसमे केवल भौतिक सुख ना हो,
ऐसा उसमें कुछ हो,
जिससे साहित्य-भरण हो,
कभी कहीं भी उस कविता में
ना साहित्य-क्षरण हो।
अपने मन की इस पीड़ा को
कैसे व्यक्त करूँ मैं?
कैसे अपने भावों को
भाषाबद्ध करूँ मैं?
जिस कविता में जन-जीवन को –
भरने की बजती हो शहनाई,
वैसी ही भाषा से कविता को
बद्ध करूँ, आबद्ध करूँ मैं।
