रहो अभय !
संशय मत पालो !
अविचलित हैं , चरण मेरे
बहिः प्रकोष्ठ से निकल त्वरित
अब स्थापित मैं नव - संसद में ।
राजधर्म को अनुशासित
रखने वाला ,
जन आकांक्षाओं को
धारण करने वाला
मैं राजदंड हूँ !
कृतसंकल्पित ! 'लोक-धर्म' का ,
मैं रक्षक हूँ , 'लोकतंत्र' का ।
मेरे अंदर नहीं अमंगल !
मैं शिवत्व ! मैं कोमलत्व !
मैं सत्य-न्याय सा हूँ कठोर !
मैं राजदंड हूँ ! राजदंड !
मेरे अंदर है अतुल पराक्रम !
मन में अदम्य साहस है , बल है ।
जीवन यह मेरा –
तप है !! तप है !! तप है !!

