आह्लादित ! अतिमंत्रमुग्ध औ' अभिभूत हूँ !
उर्ध्वबाहु ! उन्नत ललाट ! अविमुक्त हूँ !
मैं ,दक्षिण-ध्रुव चंद्र पर
सुशोभित यान चंद्र हूँ !
मैं निर्द्वंद्व हूँ !
आया हूँ नव आशा लेकर
तरल - सरल जीवन की ।
अविचलित हैं चरण मेरे ,
पल-पल चलते ,
कभी न थकते
चंद्र-भूमि पर मानव-हितार्थ !
कर्म अनोखा कर जाऊँगा !
अक्षय ,अमृत तत्व शोधूँगा !
मैं भारत का चंद्रयान हूँ !
भा-रत में निरत चंद्र हूँ !
द्वंद्वहीन मैं नील-गगन में ,
उच्चाकांक्षाओं से भरे चक्षु से
शोध ही लूँगा महत् तथ्य !
मैं , अपने तीक्ष्ण चक्षु से–
चंद्रभूमि के तल से ,
उसके अंतस्तल गह्वर से
सुधा-मधुर-रस शोध ही लूँगा ।
खींचूँगा उससे अक्षय- निधि !
बुद्ध - सा मैं हँस पडूंगा ;
विश्व का मङ्गल करूँगा ।
