रोपती हैं खेतों में धान-पौध

इनका यही है स्वरूप,पर–

दुनिया समझती है इन्हें कुरूप।


जैसे हैं ये हरे-भरे खेत और धान

ऐसे ही बनने की,मन में उठते हैं अरमान!

चेहरों पर खेलती है–

विषादयुक्त हँसी,पर–

यह जीवन कैसे हँसे?


अन्तस की गहराइयों में संरक्षित अरमान 

हो जाना चाहते हैं विस्तृत–

इन खेतों की तरह ही ...


दिल में सँजोये अरमानों को

सोचती हुईं क्रमवार–

हम भी खेत बन जाते; जिसमें–

फसलें उग आतीं, और

हरा-भरा हो जाता, सूखा-सा जीवन!


रोपती हुई धान-पौध

पीठ पर बाँधे कटे-फ़टे दुपट्टे से–

बच्चे का सलोना मुँह-गात!

रह-रह कर देख लेती माँ..


'उमस' बहुत है मौसम में, जीवन में भी

सिर से पैर तक–

बदबूदार पसीने से तरबतर

रोपती जाती धान-पौध

बेबस है जिंदगी!


अस्ताचल को जाता सूर्य..

जल्दी-जल्दी रोपती जाती...धान-पौध!

पीठ पर बँधा है–जीवन-धन!

कुछ भी करेगी ,बारिस में भींगेगी

तपती दुपहरी में जलेगी-मरेगी–

सबकुछ 'आतप' सहेगी,

बच्चे पर नहीं आने देगी आँच!

अपनी उमस-भरी जिंदगी की।

इस तरह –

शाम ढल गई!सूरज डूब गया!


खेत की मेंड़ पर लौटतीं कतार में

जैसे आकाश में उड़ते हुए लौटते–

परिंदों की पाँतें–

अपने नीड़ों की ओर जाते।


पर, इन रोपनहारियों का नींड़ कहाँ?

चलो विस्तृत नभ-तले

सीलन-भरी जमीं पर बना लेंगी 'नीड़'

जी लेंगी जिंदगी के कुछ क्षण!


सुबह होगी

फिर चल देंगी अगले गन्तव्य की ओर–

जिसका नहीं है ओर-छोर

यह सिलसिला चलता रहेगा

जीवन! तिल-तिल कर मरता रहेगा

लाचार है जिंदगी!!