मधुर संभाषणों में , जान बसती है हमारी !
बताओ क्यों कसैले बीज , बोना चाहते हो ?
जरा सा पास आ जाओ हमारे
क्यों मुझसे दूर जाना चाहते हो ?
कभी फुर्सत के लम्हों को चुरालो व्यस्तताओं से
मिलो दिल खोलकर अपनो के दिल से मस्त हो जाओ !
ये जीवन कुछ क्षणों का है इसे अपनो के संग जी लो
क्यूँ अपनी जिंदगी में गमों का बीज बोना चाहते हो ?
चलो हम मान लेते हैं सभी आपत्तियां तेरी
चलो हम मान लेते हैं हमीं में गलतियां सारी
खतायें माफ कर मेरी, जरा आ पास तो बैठो
क्यूँ मेरे दिल के पुष्पों के –
परागों को मसलना चाहते हो ?
पुकारे जब कोई दिल से, वहॉं दौड़े चले जाते
दिलों को जीत लेते हैं ,बड़े होते है दिलवाले !
जरा तुम पास तो आओ , यूँ ही भागा नहीं करते
बड़े अनमोल होते क्षण ! यूँ ही जाया नहीं करते
क्षणों को जो पकड़ ले आदमी,वो जीत जाता है
भला तुम क्यों क्षणों को,व्यर्थ करने पर तुले हो ?
ये बेरूखि तजकर ,अभी आ, यार तो मिल लो
ये दुनिया चार दिन की है,इसे तुम प्यार से जी लो
दफा कर दो सभी वो बदमिजाजी फालतू बातें !
बताओ शूल बनकर क्यूँ
मेरे दिल को दुखाने पर अड़े हो?
