बेटे ने प्यार से समझाया -
माँ! तू शहर को चल,
याद आती रहती हर पल,
वह भी तो है तेरा ही घर।
कुछ सुख के औ' कुछ दुःख के क्षण
प्रतिपल परिवर्तित बोझिल मन
चल पड़ी उधर ---
कितनी यादें कितनी बातें,
कुछ स्मृतियाँ - धुँधली छायाएं
बीते जीवन की।
छूट रहा प्यारा-सा घर
जिसमें जीवन के सुन्दर सपने
रचे-बसे हैं।
फिर याद आए 'वो' मधुर-सरस क्षण!
चिर-परिचित अपनेपन के स्वर।
मन के द्वन्दों से टकराते
बढ़ चले कदम.....
जीवन की आशा - प्रत्याशा में
उलझा मन।
पहुँची वह, भीड़-भाड़ से भरे शहर।
बैठी तिमंजिले की कोठर में..
कोठर है या पिंजड़े-सा घर?
थरथराते कदम ―
निकली वह कोठर से बाहर,
बालकनी की कुर्सी पर बैठे प्रतिदिन
देखती रही भूतल पर चलती भीड़-भाड़,
फिर उठी नज़र, विस्तृत नभ पर
चिड़ियों को उड़ते देख-देख
मन में, आता उड़ने का विचार!
पर, पंख नहीं कैसे उड़ती?
जीवन के सूने-से पथ में
जीवन की आशा ढूंढ रही,
ढूँढ रही उन संबंधों को
जो जीवन को अभिसिंचित कर दें।
कहाँ गए वो सुन्दर सपने?
जो नहीं हुए कभी अपने,
उन 'अपनो' में―
बीते सपनो को ढूँढ रही हूँ,
जीवन! तुमको ढूँढ रही हूँ।
