एकांत क्षणों में वह
खुले आसमां में 
देखता है
भीड़ में कविताएं
लिखता है ।
उस भीड़ में भी 
वह एकाकी है 
क्योंकि 
भीड़, सोचती नहीं ,
वह सोचता है ।

हाँ ,
एकांत और भीड़ !
एकांत में विचारों की-
टकराहटों से जूझता है ,
और भीड़ में –
पिसते आदमी की चित्कारें ,
उसे आन्दोलित करती हैं ।

भीड़ ! चीत्कार ! एकांत-विचार !
कुछ  भी,  उसे  सोने  नहीं  देते ,
उसे   जीने  नहीं  देते , फिर भी-
वह  जीता जाता है ,क्योंकि –
उसे  प्रतीक्षा है  उस दिन की
जब भीड़ ! भेड़-चाल छोड़ देगी
अपना मष्तिष्क !
गिरवी नहीं रखेगी
सोचना शुरू करेगी
एक नए तेवर के साथ
अपने वजूद की लड़ाई 
स्वतः लड़ेगी !

झूठी और क्रूर व्यवस्था की जड़ें 
इतनी भी गहरी नहीं होतीं ,
जिसमें सत्य समा जाए !

झूठ की जमीन में गड़ी
झूठ के पायों पर बढ़ी-खड़ी ,
जड़ें , चाहे जितनी भी हों गहरी ,
समूल उखड़ना तय है । 
और उस  दिन  कवि गहरी नींद सोयेगा ,
क्योंकि उसकी कविता ,जाग गई होगी !