फजाओं में मस्ती घुली जा रही है ,
पलकें शरम से झुकी जा रही हैं ।
हसरत है दिल की, अधर चूम लूँ मैं ,
मस्ती भरी इक नज़र चूम लूँ मैं ।

उड़ चलूँ बादलों संग,बहुत दूर जाऊँ !
बरसूं मैं बनकर सरस् वारि धारा
धरा को भिगोऊँ पिऊ राग छेड़ूँ ! 
आँचल  उड़ाऊँ  बहारों में खेलूँ !

बरसता है सावन ये , नभ से झमाझम !
छिड़ा आज मन में नवल राग अनुपम !
पायल की छम-छम ! ये बरखा की बूंदें !
हथेली में भर - भर , इन्हें मैं उछालूँ, 
भीगूँ , नहाऊँ , भिगोऊँ तुम्हें भी
तुम्हें प्यार करलूँ , गले से लगालूँ !

ओ बिजली की तड़पन ,ओ मेघों के गर्जन !
कहीं पिक – वाणी की सुमधुर मृदुल स्वर !
बाँसों के झुरमुट में चिड़ियों की चह - चह
ये वृक्षों की मर्मर ! ओ दादुर की टर्र - टर्र !
मधुर राग से हैं ये गुंजित दिशाएं 
सजा है नया स्वर धरा से गगन तक ।

मुझे राग में बाँधते ये नजारे !
करके  इशारे  बुलातीं बहारें !
सुहाना-सुहाना है मौसम की रंगत !
चलो घूमते हैं नदी-घाट , उपवन !

ओ देखो घटाएं पुनः घिर के आईं ।
ठंढ़ी  हवा  ने  मधुर गीत गाए,
उमड़ते–घुमड़ते बरसने लगे घन !
पहन धानी चूनर धरा मुस्कुराई !

सावन की बरखा बरसती झमाझम !
पुरूवा पवन झूमता मस्त होकर 
बारिस में छपकें , लोटें जमीं पर ,
चलो प्यार के हम मधुर गीत गाएं 

मिटा दें तपन मन की गहराइयों से
भुला दें सभी गम की परछाइयों को
मिलन राग छेड़ें सरस् गीत गाए
मूसलधार की वारि में हम नहायें
चलो खूब भीगें चलो हम नहायें !!