सावन सरीखे बादलों - से
छा गए तुम ! आ गए तुम !
बादलों के गर्भ से झरती हुईं –
बरखा की बूंदों सदृश,
सरसा गए तुम !
क्या कहूँ ?
मेरे हृदय को भा गए तुम !!
झुक गईं चाहत की डाली
हो गई मैं मस्त , आली !
मन की कलियाँ खिल उठीं ,
चंचल हुईं नजरें हमारी ।
गूँजते हैं आम्र-वन में पिक मधुर स्वर !
नील - नभ के छोर !आँचल छू रहें हैं !
सम्हलता ही नहीं , आँचल हमारा ,
क्या करें हम ? विवश है ये दिल हमारा ।
गूँजती है पी कहाँ ?
पिउ-पिउ कहाँ की ध्वनि चतुर्दिक
प्यार के एहसास को मैं सुन रही हूँ
इसलिए ही बादलों संग उड़ रही हूँ !
