अखबार पढ़ते हुए देश की प्रगति पर नजर डालते हुए

पापा ने कहा- देश चालीस सालों में कितना बदल गया

पर घर पर चालीस साल की मां नींद की क्यों दवाइयां ले रही

इस पर कोई बात नहीं करता !!


टीवी देख कर खबरों का डीएनए सुनते हुए

छोटे भाई ने कहा- मैं भी पढ़कर कुछ बड़ा करूगाँ

पर सोफे में बैठी दीदी की पढ़ाई क्यों बंद करा दी गई

इस पर कोई बात नहीं करता !!


पड़ोसियों के झगड़े में अपनी बात डालते हुए

चाचा ने कहा- किसी पर हाथ उठाना गलत है

पर रोज मारपीट की आवाजें उन्हीं के कमरे से क्यों आती है

इस पर कोई बात नहीं करता !!


बलात्कार की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ते हुए देख

पड़ोसी ने कहा- बेटी शरीर कहीं से भी ना दिखे-ऐसा पहनो

पर चार साल की मासूम क्यों शिकार बनती है

इस पर कोई बात नहीं करता !!