बच्चा हूँ बच्चे की तरह चिल्लाना चाहता हूं

मां को प्यार से मॉम मम्मा बुलाना चाहता हूं


हर्ष नाम है मेरा पर खुश नहीं हूँ मैं

सब कुछ सही है, बस बोल नहीं पाता मैं


घर में सबसे छोटा हूं और प्यारा भी

चार साल का हूँ और सब का दुलारा भी


थक जाता हूँ इशारे से हर बात बताने में

आवाज के बिना मजा भी नहीं आता जीने में


रो कर बुला भी नहीं सकता अपनी मां को

हर कुछ में अपनाना पड़ता है इशारे को


माँ ही है जो उल्टे सीधे इशारे भी समझ लेती है

दूसरे बच्चों को देख, बड़ी तकलीफ उसे होती है


बोलना चाहता हूँ सब की तरह मैं भी एक दिन

मुझसे ज्यादा मेरा परिवार खुश होगा उस दिन


नहीं लगता मन मेरा सोच कर कि गूंगा हूँ मैं

हर किसी के साथ मुस्कुरा कर बोलना चाहता हूँ मैं


जब भी कोई पूछता है मेरे बारे किसी से

सब कह देते हैं- बोल नहीं पाता है जन्म से


प्यार थोड़ा ज्यादा मिल जाता है इस कारण से

यह और दुखी कर देता है मुझे अंदर से


आज बोल पाएगा बेटा मेरा, माँ हर एक दिन गिनती है आवाज दो भगवान मुझे- बस इतनी सी मेरी विनती है !!