कलम शहतीर-सी चुभने लगी है
आज उन आँखों को जो
फेर लेते हैं निगाहें, देखकर
केतली में एक दस साल का बच्चा
खौल के मुरझा चूका है
चाय ठंडी है
बाज़ार में बच्ची है इक, लिपटी हुयी
धुल में, बदबू से और भूख से,
एक रुपये के लिए बनके तमाशा मांगती
एक बूढ़ा सो रहा है पुलिया के छत के सायें में
और बिस्तर बन चूका फ़ुटपाथ है
आस में मरने की जीता जा रहा है
शहर के कोने की झुग्गी-झोंपड़ी
तैरती है काई जैसी
साफ़ पानी को भी गन्दा कर चुकी है
खटमलों की बस्तियां हैं
चिपके रहते हैं गरीबी से, भूख से, बीमारी से
और निज़ाम-ए-मुल्क बेहतर चल रहा है
यूँ तरक्की मुल्क करता जा रहा है
पर न जाने क्यों कलम को खल रही है
ये तरक्की मुल्क की और
चंद लोगों की ग़रीबी
च्यूंटियों से लोग हैं इनको कुचल दो
पर कलम मजबूर है ये लिख रही है
सिर्फ़ हक़ की बात ही तो कह रही है
बस यही कुछ बात उनको चुभ रही है
शहतीर-सी
जो हमेशा देखते हैं
और ख़ुद के सायें से मुँह फेरते हैं...!!