शब्दों के ढेर से एक कहानी गढ़ती हूँ
जो शब्द ज़्यादा पसंद आते हैं उन्हें किरदारों का नाम देती हूँ
अनुभव से कम और कल्पना से ज़्यादा
उस कहानी की शुरुआत करती हूँ
पर बीच में आते आते
अनुभवों और कल्पना का हिसाब गड़बड़ा जाता है
कभी मन आड़े आता है ,कभी दिमाग
इन दोनों के बीच
कहानी कहीं पड़ी रह जाती है
इस जाल को सुलझाते हुए , मैं ही उलझ जाती हूँ
सुलझाने की प्रक्रिया में
अब हाथों में दर्द हो गया है
इसलिए कहानी को अधूरी छोड़ती हूँ
अब लगता है, यह छोड़ना भी ज़रूरी हो गया था
क्योंकि पूरी कहानी, सिर्फ कहानियों में होती है