लफ्ज़ आते हैं कलम पे ,रूह में आने के बाद 

रास्ते क्यों काट गए यूँ फिर से मिल जाने के बाद..

खो गयी मुस्कान है , बस एक क़तरा जान है 

सांस फिर से चल पड़ेगी उससे मिल जाने के बाद ...

बेगुनाही का सबब उसको फ़क़त मालूम था 

चिट्ठियां खोली मगर क्यों फांसियां होने के बाद.. 

था बहुत नाज़ुक वो पल और महफ़िलें गुलज़ार थीं 

बेटियां क्यों रो रहीं फिर डोलियां उठने के बाद ..

आसमाँ है रो रहा और चीखती है ये ज़मीं 

मर गयी इंसानियत भी आबरू लूटने के बाद ....

जशन कैसा है यहाँ की लोग सब खामोश है 

दुश्मनी ऐसी हुई क्यों सरहदें बँटने के बाद ...

ज़िंदगानी के सफर मे मुश्किलें कमतर न थीं 

आफ़तें सब टल गयीं पर हौसलें उठने के बाद ...

चाहिए दो गज़ जमीं और एक टुकड़े का कफ़न 

कोटियां क्यों बन रहीं फिर झोपड़े गिरने के बाद ...

ना की हिन्दू , ना की मुस्लिम सिख़ ना मूसा लिखो 

नाम मेरा इश्क़ लिखना मेरे न रहने के बाद .......