हे कृष्ण!!!

आखिर कब तुम आओगे??

धरा को उसके ही संतानो से

आखिर कब तुम बचाओगे??

आज की पूतना प्राण नहीं

संस्कारो को है सोख रही

अपने धर्म ज्ञान से अंतर में

आखिर कब तुम दीप जलाओगे??

आज यमुना में नहीं कालिया

हृदय पे फण काढे बैठा है

यही वजह तो होगी गिरिधर

आज विष मानव के नस-नस में फैला है

अपने चरणों तले उसे कुचल

आखिर कब तुम अमृत बरसाओगे??

आज एक नहीं लाखो कंस है

कोई स्वपरिजनों पे कर रहा जुल्म तो

कोई अपशब्दों के बाण चलाने में शिशुपाल है

अपने बाहुबल से

आखिर कब तुम धरा को मुक्ति दिलाओगे??

आस लगाए आज एक नहीं

है असंख्य द्रौपदी

अपने पीताम्बरी के चीर से

आखिर कब तुम उनका सम्मान हरण बचाओगे??

आज अधर्मी कौरवो के बीच

कुछ धर्म से बंधे पांडव तो होंगे

अपने ज्ञान भरे उपदेशो से

आखिर कब तुम उनका मार्गदर्शन करोगे??

हे कृष्ण!!!

कृष्णपक्ष के अंधकार बहुत देखे

आखिर कब तुम शुक्लपक्ष दिखलाओगे??

वचन जो तुमने दिया था

आखिर कब उसे पुरा करने आओगे??